मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। अंबाह के होनहार सपूत प्रतीक गुप्ता को भारतीय सेना की प्रतिष्ठित रेजीमेंट ऑफ आर्टिलरी में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे चंबल अंचल में खुशी और गर्व का माहौल है।
स्वर्गीय प्रमोद कुमार गुप्ता के पुत्र प्रतीक गुप्ता ने अपने सैन्य जीवन में कठिन परिश्रम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी पदोन्नति ने अंबाह सहित पूरे मुरैना जिले का नाम रोशन किया है।

प्रतीक गुप्ता की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। परिवारजनों का कहना है कि उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण और देश सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का यह परिणाम है। इस उपलब्धि पर उनके चाचा राजीव कुमार गुप्ता और भाई आयुष गुप्ता सहित पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है।
जैसे ही लेफ्टिनेंट कर्नल पदोन्नति की सूचना अंबाह पहुंची, क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय नागरिकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने गुप्ता परिवार को बधाई दी। सोशल मीडिया पर भी लगातार शुभकामनाओं और बधाई संदेशों का सिलसिला जारी है।
अंबाह के सपूत लेफ्टिनेंट कर्नल प्रतीक गुप्ता की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उनकी सफलता युवाओं को देश सेवा और मेहनत के बल पर ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देती है।

