बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बड़ा खुलासा किया है। रवीना ने बताया कि एक समय ऐसा था जब इंडस्ट्री में उन्हें “जिंक्स” यानी बदकिस्मत अभिनेत्री तक कहा जाता था क्योंकि उनकी कई शुरुआती फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थीं।

रवीना के मुताबिक, हालात तब बदले जब साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म ‘मोहरा’ सुपरहिट साबित हुई। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म की सफलता के बाद इंडस्ट्री में उनकी पहचान पूरी तरह बदल गई और जो लोग उन्हें “जिंक्स” कहते थे, वही उन्हें “लकी मैस्कॉट” कहने लगे।
रवीना ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में सफलता और असफलता के आधार पर लोगों की राय बहुत जल्दी बदल जाती है। हालांकि उन्होंने कभी इन बातों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और लगातार काम करती रहीं।
बता दें कि ‘मोहरा’ 90 के दशक की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म के गाने और अक्षय कुमार-रवीना टंडन की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब एक बार फिर दोनों सितारे फिल्म ‘Welcome To The Jungle’ में साथ नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्साह है।
