तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. अरविंद मेनन के साथ मंगलवार को चेन्नई स्थित आवास पर सुपरस्टार और पद्म भूषण सम्मानित अभिनेता रजनीकांत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए प्रमुख विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी उपलब्धियों पर आधारित विशेष पुस्तकों का सेट भेंट किया।

भाजपा नेताओं ने बताया कि इन पुस्तकों में बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कल्याण योजनाओं, आर्थिक सुधारों और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में हुई वृद्धि जैसे विषयों को विस्तार से शामिल किया गया है। पुस्तकों का उद्देश्य पिछले एक दशक में देश में हुए बदलावों और विकास की यात्रा को आमजन तक पहुंचाना है।

मुलाकात के दौरान देश के समग्र विकास, तकनीकी प्रगति, युवा सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक परिवर्तन जैसे विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने रजनीकांत को सरकार की विभिन्न पहलों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं रजनीकांत ने भी देश के विकास और समाज हित से जुड़े विषयों में अपनी रुचि व्यक्त की।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष’ अभियान के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम चला रही है। इस अभियान के माध्यम से पार्टी केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जिन्हें लेकर समर्थकों और राजनीतिक पर्यवेक्षकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
