भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सारंग की जयंती के अवसर पर सोमवार को प्रदेश सहित देशभर में मातृ-पितृ भक्ति दिवस के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के प्रभात चौराहे पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सहभागिता कर वृद्धजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने वृद्धजनों के चरण पखारे, उनकी आरती उतारी और उन्हें शॉल एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और संस्कारों की भावना को मजबूत करना था।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय कैलाश सारंग ने जीवनभर समाज सेवा, संस्कार और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पिछले कई वर्षों से मातृ-पितृ भक्ति दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाला प्रत्येक बुजुर्ग उनके माता-पिता के समान है और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में जहां पारिवारिक मूल्यों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देते हैं। समाज की मजबूती परिवार से शुरू होती है और परिवार की नींव माता-पिता एवं बुजुर्गों के अनुभवों पर टिकी होती है।

कैलाश सारंग की जयंती के अवसर पर कायस्थ समाज द्वारा देशभर में अनेक सेवा कार्य आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर वृद्धजनों का सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, भोजन वितरण, शरबत वितरण, वृक्षारोपण तथा जरूरतमंद लोगों को सहायता सामग्री वितरित करने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भोपाल में भी समर्थकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शरबत वितरण, जनसेवा और सामाजिक सहयोग के कार्यक्रम संचालित किए गए। वहीं नरेला विधानसभा क्षेत्र के अनेक वार्डों में मातृ-पितृ भक्ति दिवस एवं वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सोशल मीडिया पर भी कार्यक्रम की व्यापक चर्चा देखने को मिली। हैशटैग #सारंग_मातृ_पितृ_भक्ति_दिवस देशभर में कई घंटों तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ट्रेंड करता रहा, जिसमें हजारों लोगों ने अपने माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए संदेश साझा किए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय कैलाश सारंग के सामाजिक योगदान, राजनीतिक जीवन और जनसेवा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि कैलाश सारंग ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा की भावना पहुंचाने का कार्य किया, जिसकी प्रेरणा आज भी हजारों कार्यकर्ताओं को मिल रही है।

मातृ-पितृ भक्ति दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज में बुजुर्गों के सम्मान, पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण और सेवा भावना के संदेश को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया।

