नरसिंहपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना तेन्दूखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ स्मैक तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना और युवाओं तक पहुंच रहे मादक पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना बताया गया है। पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी, जांच और कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) तेन्दूखेड़ा श्री अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में थाना तेन्दूखेड़ा पुलिस क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इस दौरान पुलिस टीम को सहजपुर रोड स्थित भौरपानी तिराहे के पास तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे मौके से भागने लगे, जिसके बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश पिता शिवराम नोरिया, संजय पिता मुन्नालाल नोरिया, दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 11 तेन्दूखेड़ा तथा जितेन्द्र पिता शिवचरण राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक 10 तेन्दूखेड़ा के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 7.7 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों तक की जा रही थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर वामनकर, सउनि जितेन्द्र राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय शाह, आरक्षक लखन, अवधेश और नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें क्षेत्र में किसी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
नरसिंहपुर से — चंद्रशेखर मालवीय
