इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित BRICS कृषि सम्मेलन के चौथे दिन आज खाद्य सुरक्षा, जलवायु अनुकूल खेती, कृषि नवाचार और डिजिटल तकनीकों पर महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय संवाद आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में होने वाले इस विशेष सत्र में BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों सहित करीब 20 देशों के कृषि मंत्री, नीति निर्माता और कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे।
छोटे किसानों और महिला कृषकों पर रहेगा फोकस
सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, पोषण, टिकाऊ खेती, कृषि व्यापार, जल संरक्षण, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। खासतौर पर छोटे किसानों, महिला कृषकों और युवाओं को कृषि विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। विशेषज्ञ कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचारों की भूमिका पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
विदेशी प्रतिनिधियों का होगा मांडू भ्रमण
आज के कार्यक्रमों के बाद विदेशी प्रतिनिधियों को मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर मांडू का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही शाम को गाला डिनर का आयोजन भी किया जाएगा, जहां विभिन्न देशों के प्रतिनिधि आपसी संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर प्राप्त करेंगे।
13 जून को होगी कृषि मंत्रियों की अहम बैठक
सम्मेलन के अंतिम दिन 13 जून को BRICS देशों के कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में खाद्य हानि कम करने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, कृषि नवाचार को बढ़ावा देने और टिकाऊ कृषि विकास के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद संयुक्त घोषणा पत्र जारी किए जाने की भी संभावना है।
