बुरहानपुर। बुरहानपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में लोहार मंडी क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से नाराज़ पार्षदों ने सड़क पर नालियों से निकले कीचड़ और गंदगी के बीच बैठकर “जल आंदोलन” किया। प्रदर्शन के दौरान महापौर के खिलाफ नारेबाजी की गई और उन्हें मौके पर बुलाकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लोहार मंडी रोड पर पिछले करीब आठ महीनों से बिना बारिश के भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
नगर निगम के डिप्टी स्पीकर एवं पार्षद फहीम हाशमी अपने साथी पार्षदों के साथ सड़क पर उतरे और कीचड़ के बीच बैठकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान महापौर के खिलाफ नारे लगाए गए और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की गई।
फहीम हाशमी ने कहा कि क्षेत्र में पिछले आठ महीनों से बिना बारिश के भी जलभराव बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, इस मामले में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधियों के इस अनोखे “जल आंदोलन” के बाद नगर निगम प्रशासन लोहार मंडी क्षेत्र की समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्दी ठोस कदम उठाता है।
रिपोर्ट: गोपाल देवकर, बुरहानपुर
