रिपोर्ट: Azam Lala
भोपाल ब्रेकिंग|राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे के करीब स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी तादाद में मौजूद छात्र-छात्राओं ने दुकान को तत्काल हटाने की मांग उठाई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर बेरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान भोपाल कलेक्टर भी स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी।

एबीवीपी पदाधिकारियों का कहना है कि पॉलिटेक्निक चौराहे के नज़दीक स्थित एमएलबी कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ाई करती हैं। कॉलेज के बिल्कुल करीब शराब दुकान होने की वजह से छात्राओं में ख़ौफ़, बेचैनी और असुरक्षा का माहौल पैदा होता है। कई बार इस संबंध में शिकायतें और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शराब दुकान को वहां से स्थानांतरित नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। छात्रों ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में और भी उग्र एहतिजाज किया जाएगा, जिसकी तमाम जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
एबीवीपी नेताओं ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के आसपास शराब दुकानों का संचालन न सिर्फ तालीमी माहौल को मुतास्सिर करता है बल्कि छात्राओं की हिफाज़त और सामाजिक वातावरण पर भी नकारात्मक असर डालता है। इसी वजह से छात्र समुदाय लगातार इस दुकान को हटाने की मांग कर रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और सभी ने एक सुर में शराब दुकान हटाने की मांग दोहराई। अब सबकी निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि सात दिन के भीतर इस मसले पर क्या फैसला लिया जाता है।
