भोपाल। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद भोपाल नगर निगम (BMC) ने शहर में फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। नगर निगम की टीम ने एमपी नगर, न्यू मार्केट, हमीदिया अस्पताल क्षेत्र, कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
अभियान के दौरान कई संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं मिलने पर 49 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास, फायर अलार्म सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की तथा कमियां पाए जाने पर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में निर्धारित समय सीमा के भीतर फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहरभर में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बीएमसी ने सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, मॉल, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से फायर सेफ्टी नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
