News by Azam Lala
भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और कानून-व्यवस्था को लेकर सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का मकसद पुलिस और जनता के बीच भरोसे को मजबूत करना तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं का समाधान तलाशना रहा।

इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के नियमित उपयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद जरूरी है और हर व्यक्ति को अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
जनसंवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर ने मौजूद लोगों से सीधे सवाल किए। उन्होंने जाना कि क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली कैसी है, पुलिसकर्मियों का व्यवहार नागरिकों के प्रति कैसा रहता है और कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की क्या राय है। उन्होंने नागरिकों से बिना किसी संकोच के अपनी बात रखने और सुझाव देने की अपील की।

कार्यक्रम में लोगों ने अपने मोहल्लों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा। कई नागरिकों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य स्थानीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। पुलिस अधिकारियों ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर एसीपी अनिल बाजपेयी, थाना प्रभारी उमेश चौहान सहित थाना शाहजहानाबाद का पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और पुलिस प्रशासन के साथ खुलकर संवाद किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।
