NEWS BY AAZAM LALA
भोपाल। राजधानी भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 75 के कमल नगर में रहने वाले लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में न सड़क है, न नालियां हैं और न ही नियमित सफाई की व्यवस्था। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा लगातार टैक्स जमा कराने के नोटिस दिए जा रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि बदहाल सड़कों और कीचड़ के कारण महिलाओं का मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में दो मंदिर होने के बावजूद श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा-अर्चना के लिए नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है और गंदी ड्रेस होने के कारण कई बार उन्हें स्कूल से वापस भेज दिया जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार खराब रास्तों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिसलन में गिरने से एक बच्चे को दस टांके लगवाने पड़े, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल होकर बिस्तर पर है। रहवासियों का कहना है कि मोहल्ले की हालत इतनी खराब है कि सब्जी विक्रेता, दूध सप्लाई करने वाले और गैस सिलेंडर पहुंचाने वाले भी अंदर आने से कतराते हैं। इतना ही नहीं, किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस तक मोहल्ले के अंदर नहीं पहुंच पाती।
क्षेत्र की भाजपा पार्षद रीता विश्वकर्मा को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि उन्होंने भाजपा को वोट देकर पार्षद को जिताया, लेकिन आज तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

रहवासियों के मुताबिक पार्षद रीता विश्वकर्मा ने फोन पर दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। वहीं सीवेज विभाग की अधिकारी कृति जो ने भी दो दिन में कोपरा (मुरम) डलवाने की बात कही, जबकि इंजीनियर अक्षय ने एक दिन में व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया। लेकिन लोगों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उन्हें सिर्फ “दो दिन में काम हो जाएगा” का आश्वासन मिल रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ।
अब क्षेत्र के लोगों ने नरेला विधानसभा के विधायक विश्वास सारंग से भी गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उन्होंने विकास की उम्मीद में भाजपा को वोट दिया था, लेकिन आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

रहवासियों ने सवाल उठाया है कि जब सड़क, नाली, सफाई और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं हैं, तो आखिर “सबका साथ, सबका विकास” का दावा धरातल पर कब दिखाई देगा
