News by Aazam Lala
भोपाल। साइबर अपराधों के बढ़ते दायरे और ऑनलाइन ठगी के लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए थाना निशातपुरा पुलिस ने आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी मनोज पटवा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधिकारी रोशन गुर्जर ने किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से रू-ब-रू होकर साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों से आगाह किया। लोगों को बताया गया कि शातिर ठग कभी बैंक अधिकारी, कभी आधार अपडेट करने वाला कर्मचारी तो कभी सरकारी विभाग का प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं और बहाने से ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, यूपीआई पिन एवं अन्य गोपनीय सूचनाएं हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसी जानकारी साझा करते ही कुछ ही पलों में खातों से रकम गायब हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी अंजान कॉल, संदिग्ध लिंक या सोशल मीडिया पर आए संदेश पर यकीन करने से पहले उसकी तस्दीक अवश्य करें। किसी भी सूरत में अपना ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे मजबूत हथियार जागरूकता है। पुलिस का मकसद केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले से सतर्क कर ऐसी वारदातों को रोकना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि साइबर ठगों के नापाक इरादों को कामयाब होने का मौका न मिले।
