मुंबई। अभिनेता विक्रांत मैसी की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ का टीज़र रिलीज कर दिया गया है। टीज़र में विक्रांत मैसी के साथ वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। यह सीरीज लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास मुसाफिर कैफे पर आधारित है और 24 जुलाई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
करीब डेढ़ मिनट के टीज़र में प्यार, बिछड़ने, यादों और नई शुरुआत की भावनात्मक कहानी की झलक दिखाई गई है। कहानी भोपाल और मसूरी की खूबसूरत लोकेशंस पर आधारित है, जहां तीन किरदारों की ज़िंदगी अप्रत्याशित रूप से एक-दूसरे से जुड़ती है।
सीरीज में विक्रांत मैसी चंदर मोहन शर्मा की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि वेदिका पिंटो सुधा और महिमा मकवाना प्रीति के किरदार में नजर आएंगी। सीरीज का निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है और इसे शरन्या राजगोपाल ने लिखा और क्रिएट किया है।
टीज़र रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भावनात्मक कहानी, खूबसूरत लोकेशंस और विक्रांत मैसी के अभिनय की खूब सराहना हो रही है। रोमांटिक ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के बीच इस सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
