बुरहानपुर। आगामी मोहर्रम पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।

फ्लैग मार्च जय स्तंभ से प्रारंभ होकर शौकत मैदान, रोशन चौक, पाला बाजार, मंडी चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक, रस्सी वाला तिराहा, अंडा बाजार सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए पुनः जय स्तंभ पर समाप्त हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम के दौरान शहर के प्रमुख स्थलों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। वहीं पुलिस की टेक्निकल टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर बनाए रखेगी।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने, फॉरवर्ड करने अथवा लाइक करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी बढ़ाना रहा।
इस दौरान रक्षित निरीक्षक श्री सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी कोतवाली, लालबाग, शिकारपुरा, गणपतिनाका सहित सभी थाना प्रभारियों, पुलिस स्टाफ एवं विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) ने भाग लिया।
बुरहानपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी को साझा न करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
