छतरपुर यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों पर सीरियल नंबर युक्त स्टीकर लगाने का विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करना और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों का सर्वे कर उन पर क्रमांकित स्टीकर लगाए जा रहे हैं। अब तक छतरपुर नगर, देहात क्षेत्र, बागेश्वर धाम और खजुराहो में चलने वाले 2000 से अधिक वाहनों पर सीरियल नंबर स्टीकर लगाए जा चुके हैं।

यातायात थाना में प्रत्येक वाहन की विस्तृत जानकारी, जैसे रजिस्ट्रेशन नंबर, चालक का लाइसेंस, मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है। इससे किसी भी शिकायत या घटना की स्थिति में वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी।

पुलिस का कहना है कि यदि कोई चालक दुर्व्यवहार करता है, नशे की हालत में वाहन चलाता है या लापरवाही से ड्राइविंग करता है तो यात्री सीरियल नंबर के आधार पर उसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा ऑटो या ई-रिक्शा में छूटे मोबाइल, पर्स, बैग और अन्य सामान को उसके मालिक तक पहुंचाने में भी यह अभियान काफी मददगार साबित हो रहा है।
