भोपाल स्थित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के छात्र योगेश नाथ ने चेन्नई में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय और मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता हिंदुस्तान विश्वविद्यालय, चेन्नई द्वारा 3 से 6 जून 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

योगेश नाथ ने 83 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाला मध्य प्रदेश का एकमात्र विश्वविद्यालय बन गया है। प्रतियोगिता के दौरान योगेश ने अपनी ताकत, तकनीक और अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रभारी कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा और कुलसचिव प्रो. समर बहादुर सिंह ने योगेश नाथ को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र की सफलता को विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रो. नीरज गौड़, डॉ. आलोक मिश्रा (संचालक, शारीरिक शिक्षा), रविंद्र कौशिक (क्रीड़ा अधिकारी), शकील वारसी (प्रशिक्षक) सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने योगेश की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति और खिलाड़ियों के समर्पण का परिणाम बताया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि योगेश नाथ की यह सफलता अन्य छात्रों और खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
