रायसेन, 15 जून 2026। जिले के सुल्तानपुर में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुरेंद्र पटवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में जनकल्याण और सुशासन को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

विधायक पटवा ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘अंत्योदय’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की हर योजना गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
शिविर के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और अन्य लाभ भी वितरित किए। कई नागरिकों को मौके पर ही योजनाओं से संबंधित जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।

जनकल्याण शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सामाजिक न्याय, श्रम, शिक्षा और अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
