News by Azam Lala
रायसेन। रायसेन स्थित दरगाह परिसर में एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां बिजली की खराबी दुरुस्त करने के दौरान एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक साहिल नामक युवक दरगाह परिसर में लगी बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) पर चढ़ा था। इसी दौरान वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। युवक को तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद मृतक का शव जिला अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों के पहुंचते ही मातम का माहौल बन गया। परिजन और परिचित गहरे सदमे में हैं। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली संबंधी कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों का विशेष ध्यान नहीं रखा गया वहीं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के सही कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
