संवाददाता : Azam lala
ईट खेड़ी एस डी ओपी के नेतृत्व में फार्म हाउस की लगातार मानीटरिंग जारी |
पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र में विशेष सुरक्षा एवं सत्यापन अभियान के तहत एसडीओपी सुश्री मंजू चौहान के नेतृत्व में कई व्यावसायिक फार्म हाउसों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान 4H फार्म हाउस, गुलशन-ए-नवाब फार्म, अल हबीबी फार्म (जगदीशपुर), इन्फिनिटी फार्म हाउस, शाही पैलेस फार्म हाउस (परवेखेड़ा) और रिवर साइड फार्म हाउस (ईंटखेड़ी) की सुरक्षा व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों और आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए, वहां संचालकों को दो दिन के भीतर कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नौकरों, कर्मचारियों और चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने, स्विमिंग पूल संचालन संबंधी सरकारी नियमों का पालन करने तथा डायवर्शन, गुमाश्ता, पंचायत अनुमति, वैध बिजली कनेक्शन और अन्य आवश्यक विभागीय अनुमतियां पूर्ण रखने के निर्देश भी दिए गए।
फार्म हाउस मालिकों को एक सप्ताह के भीतर सभी वैध दस्तावेजों और पंजीयन की प्रतियां संबंधित थाने में जमा कराने के लिए कहा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भोपाल शहर से लगे सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके।
