संवाददाता: आज़म लाला
भोपाल। शहर को जुर्म से पाक बनाने की मुहिम के तहत निशातपुरा थाना पुलिस लगातार मैदान में नज़र आ रही है। एसीपी अक्षय कुमार की रहनुमाई और थाना प्रभारी मनोज पटवा की कड़ी निगरानी में अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई ने इलाके के गुंडे-बदमाशों की नींद उड़ा दी है।
निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही पुलिस कार्रवाई से अब आम नागरिक भी महसूस करने लगे हैं कि पुलिस की जमीनी कवायद पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत दिखाई दे रही है। शहर में पुलिस कमिश्नर द्वारा दिए गए “अपराध एवं गुंडा मुक्त भोपाल” के लक्ष्य को पूरा करने के लिए भोपाल पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।
इसी कड़ी में निशातपुरा थाना पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और चोरी जैसी वारदातों में शामिल बदमाशों पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर और एक जिला बदर बदमाश को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जो लोग अपराध की राह पर चल रहे हैं, वे अपनी हरकतों से बाज़ आ जाएं। उनका कहना है कि निशातपुरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं है और अपराध का अंजाम केवल जेल होगा।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र के बदमाशों में खौफ का माहौल है, जबकि आम जनता खुद को पहले से अधिक महफूज़ महसूस कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
