रिपोर्ट – कुमार राजेश
भोपाल राष्ट्रीय मार्ग पर सेहतगंज के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दो यात्री बसों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें अब तक 3 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। एक बस, जो शक्ति ट्रेवल्स की बताई जा रही है, उसका आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 25 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जिनमें से कई को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बसों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की, ताकि यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
फिलहाल कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अस्पतालों में डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के उपचार में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, संकेतक बोर्ड और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
