जा़हिद खान की रिपोर्ट
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जहांगीराबाद के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी आहत करती है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि विपक्षी नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी जारी रही तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी।

इस अवसर पर उप ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मंसूरी, पूर्व पार्षद अनवर मीटर, राजा जिंसी, फारुख कुरैशी, इमरान खान, अशफाक खान, कदर लाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने नेताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
