भारतीय किसान संघ की तहसील-हुजूर इकाई ने भोपाल में अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें गेहूं खरीदी, फसल बीमा, राजस्व, बिजली और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
किसानों ने बताया कि गेहूं उपार्जन के ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी खामियों के कारण स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही, जिससे उन्हें MSP से कम दाम पर फसल बेचने की मजबूरी बन रही है। साथ ही, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की रुकी किस्तें जारी करने और फसल बीमा में पारदर्शिता लाकर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार, गलत सीमांकन, अवैध कब्जे और राजस्व कार्यों में देरी को लेकर नाराजगी जताई गई है। किसानों ने गांवों में चौपाल लगाकर समस्याओं के निराकरण और पटवारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही है।
इसके अलावा बिजली व्यवस्था सुधारने और खजूरी कलां क्षेत्र में हाईवे के पास संचालित शराब दुकान हटाने की मांग भी की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
