भोपाल बैरसिया मार्ग के रसूलिया गांव में किसान ने वेयरहाउस पर उठाए सवाल, तीन एकड़ की फसल 54 से घटकर 6 कुंटल बताई गई |
सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और फसल खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। भोपाल-बैरसिया मार्ग पर स्थित गांव रसूलिया में उस समय स्थिति चिंताजनक नजर आई जब टीम सुविधा वेयरहाउस पहुंची। यहां काला पीपल निवासी किसान सुमित ठाकुर हताश और निराश अवस्था में बैठे मिले, जो पिछले कई दिनों से अपनी फसल की तुलाई को लेकर परेशान हैं।
किसान सुमित ठाकुर का आरोप है कि उनकी तीन एकड़ जमीन पर इस वर्ष अच्छी फसल हुई थी, लेकिन वेयरहाउस में तुलाई के दौरान उनकी उपज को मात्र 6 कुंटल बताया जा रहा है। जबकि पिछले वर्ष इसी जमीन से लगभग 54 कुंटल फसल की तुलाई हुई थी। इस भारी अंतर ने न सिर्फ किसान को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाया है, बल्कि पूरी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार तहसील कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई संतोषजनक जवाब या समाधान नहीं मिला है। लगातार हो रही अनदेखी से किसान मानसिक रूप से भी काफी परेशान हो चुका है।
यह मामला सिर्फ एक किसान तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों में भी डर और असंतोष का माहौल पैदा कर रहा है। यदि समय रहते इस तरह की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो किसानों का भरोसा सरकारी खरीदी व्यवस्था से पूरी तरह उठ सकता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित किसान को कब तक न्याय मिल पाता है।
NEWS BY : AAZAM LALA