महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने पहलगाम में शहीद हुए सैयद आदिल हुसैन शाह के परिवार से किया वादा निभा दिया है. दरअसल, पहलगाम की बरसी से पूर्व एकनाथ शिंदे ने आदिल के परिवार को आर्थिक सहायता और नया घर सौंप दिया. इस भावुक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया.
इस दौरान डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा, “धर्म, भाषा और पंथ से ऊपर उठकर मानवता के लिए अपना जीवन अर्पित करने वाला आदिल केवल एक युवक नहीं, बल्कि देश की अस्मिता का उज्ज्वल दीप है.” उन्होंने आगे कहा, “एक मां का बेटा, एक परिवार का सहारा पल भर में छिन गया, लेकिन मानवता के लिए दिया गया यह बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा, यह इतिहास में दर्ज हो चुका है.”
आदिल देश को बचाने वाला योद्धा था- शिंदे
एकनाथ शिंदे ने ये भी आगे कहा, “वह केवल एक परिवार का बेटा नहीं था, बल्कि देश के भविष्य को बचाने वाला सच्चा योद्धा था. शिवसेना केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देशभक्ति की पहचान है.
आदिल ने मानवता के लिए दी जान- शिंदे
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले को याद करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि उस हृदयविदारक घटना में निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की गई थी. उस समय आदिल ने निडर होकर आतंकवादियों से बंदूक छीनने का प्रयास किया और पर्यटकों की जान बचाने के लिए संघर्ष किया. मानवता की रक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी.
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा, “पहलगाम हमले को एक साल पूरा हो गया. मैं खुद उस समय पहलगाम गया था और स्थिति का जायजा लिया. श्रीनगर में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हमने पूरी ताकत से प्रयास किए और पूरे ऑपरेशन पर नजर रखी.”
शिवसेना ने 5 लाख रुपये और घर दिया
बता दें कि शिवसेना की ओर से आदिल के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता और पक्का घर देने का वादा किया गया था. इस वादे को पूरा करते हुए बनाए गए नए घर का नाम ‘आनंद नाथ भवन’ रखा गया है, जो दिवंगत आनंद दिघे की स्मृति में रखा गया है.
आदिल का परिवार हुआ भावुक
वहीं इस अवसर पर आदिल के परिवार ने भावुक होकर कहा, “एकनाथ शिंदे ने अपना वादा निभाया. उन्होंने हमें आर्थिक मदद दी और घर भी बनवाया. यह घर हमारे लिए केवल आश्रय नहीं, बल्कि सम्मान और सहारा है.” उनकी बहन और भाई ने नम आंखों से एकनाथ शिंदे का आभार व्यक्त किया.