Skip to content

Imran Khan Wife Health Update: इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी को हुआ ‘रेटिनल डिटैचमेंट’, जानें क्या है आंखों की यह गंभीर बीमारी?

Imran Khan Wife Medical Update: पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित अडियाला जेल से जुड़ा एक स्वास्थ्य मामला इन दिनों चर्चा में है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की आंख की गंभीर समस्या के चलते सर्जरी करानी पड़ी. जेल प्रशासन के अनुसार, उनकी दाईं आंख की रोशनी प्रभावित हो रही थी, जिसकी शिकायत के बाद तुरंत  एक्सपर्ट से जांच कराई गई. जांच में रेटिना के अपनी जगह से खिसकने यानी रेटिनल डिटैचमेंट की पुष्टि हुई, जो आंखों से जुड़ी एक गंभीर स्थिति मानी जाती है.

डॉक्टरों की टीम, जिसमें प्रोफेसर डॉक्टर नदीम कुरैशी शामिल थे, ने उनका इलाज किया और सर्जरी की सलाह दी. 16 अप्रैल को उन्हें रावलपिंडी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जरूरी जांच के बाद ऑपरेशन किया गया. सर्जरी के बाद एक रात अस्पताल में निगरानी में रखने के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया. डॉक्टरों ने आगे भी नियमित जांच और देखभाल जारी रखने की सलाह दी है.

रेटिनल डिटैचमेंट क्या होता है?

हेल्थ के बारे में जानकारी देने वाली संस्था clevelandclinic के अनुसार रेटिनल डिटैचमेंट एक ऐसी स्थिति है, जिसमें आंख के पीछे मौजूद बेहद संवेदनशील परत अपनी जगह से अलग हो जाती है. यह परत रोशनी को पहचानने और उसे दिमाग तक पहुंचाने का काम करती है. अगर समय पर इलाज न हो, तो यह स्थायी रूप से नजर कमजोर कर सकती है. एक्सपर्ट के अनुसार, उम्र बढ़ने के साथ आंख के अंदर मौजूद जेल जैसा पदार्थ बदलने लगता है, जिससे यह समस्या पैदा हो सकती है.

इसे भी पढ़ें –  ग्रेड-1 फैटी लिवर में फायदेमंद हो सकता है मेथी का पानी, जानिए इसके चौंकाने वाले फायदे

इस तरह की स्थिति में सबसे जरूरी होता है तुरंत पहचान और इलाज. मरीज को अचानक धुंधला दिखना, आंखों के सामने परछाइयां या चमक जैसी चीजें दिखना या किसी हिस्से में अंधेरा महसूस होना जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं. ऐसे संकेत मिलते ही देरी किए बिना आंख के विशेषज्ञ से संपर्क करना बेहद जरूरी होता है.

देखभाल भी होती है जरूरी

सर्जरी के बाद देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है. मरीज को आंखों पर दबाव से बचना, डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयां लेना और समय-समय पर जांच कराना जरूरी होता है. खासकर शुरुआती कुछ दिन बहुत अहम होते हैं, क्योंकि इसी दौरान आंख की रिकवरी तय होती है. बुशरा बीबी की सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने आगे की निगरानी और फॉलोअप जारी रखने की सलाह दी है. जेल प्रशासन के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों की हिदायत के मुताबिक इलाज जारी रहेगा.

इससे पहले भी प्रोफेसर डॉक्टर नदीम कुरैशी की टीम ने इमरान खान की आंखों का परीक्षण किया था. वहीं, मामले के बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की ओर से उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई गई है और बेहतर इलाज की मांग की गई है.

इसे भी पढ़ें- Morning Heel Pain: सुबह उठते ही एड़ियों में होता है दर्द, जानें यह किस बीमारी का है संकेत?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *