महिला आरक्षण बिल को लेकर जयपुर में बीजेपी की ओर से जोरदार पदयात्रा निकाली गई. इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और इसे शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है. पदयात्रा जयपुर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय से शुरू होकर शहीद स्मारक तक पहुंची.
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम दिया कुमारी भी कुछ समय के लिए पदयात्रा में शामिल हुए. महिलाओं के हाथों में तिरंगा और महिला आरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखे पोस्टर नजर आए.
महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ की नारेबाजी
पदयात्रा के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की. कई महिलाओं ने विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहन रखे थे, जिससे प्रदर्शन का अलग ही संदेश देखने को मिला.
इससे पहले बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर एक जनसभा का आयोजन भी किया गया, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया. अपने संबोधन में सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की महिलाएं इस विरोध को नहीं भूलेंगी और समय आने पर कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को दबाने का काम किया है.
पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई तीखी झड़प
बीजेपी की इस पदयात्रा के जरिए पार्टी ने महिला समर्थन दिखाने के साथ-साथ राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन भी किया. इधर, महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजस्थान में सियासत तेज हो गई है. बीजेपी के इस मार्च के बाद कांग्रेस को महिला कार्यकर्ताओं ने भी सीएम आवास कूच करने की कोशिश की. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हुई. इस कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा भी शामिल हुईं.
Jalore News: शादी में शामिल हुए तो समाज से बाहर और लाखों का जुर्माना! अवैध पंचायत ने सुनाया फरमान