UP Home Guard Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से जिस होमगार्ड भर्ती का इंतजार किया जा रहा था, अब उसकी परीक्षा की तारीखें आधिकारिक रूप से घोषित कर दी गई हैं. इस भर्ती के तहत कुल 41,424 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जो कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
इस बार एक खास बात यह है कि पहली बार होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) कर रहा है. इससे उम्मीद है कि परीक्षा की प्रक्रिया ज्यादा साफ-सुथरी और सही तरीके से होगी. तो आइए जानते हैं कि 41 हजार से ज्यादा पदों पर परीक्षा कब होगी.
41 हजार से ज्यादा पदों पर परीक्षा कब होगी
भर्ती बोर्ड के अनुसार, होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन तीन दिनों तक किया जाएगा. होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को तीन दिनों तक अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा हर दिन दो शिफ्ट में होगी. जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक है. इस तरह व्यवस्था की गई है जिससे ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवारों को परीक्षा देने का मौका मिल सके और सभी की सुविधा का ध्यान रखा जा सके.
कहां होगा परीक्षा का आयोजन
यह भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश के कुल 74 जिलों में आयोजित की जाएगी. राज्य भर में बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिससे सभी उम्मीदवारों को उनके नजदीकी शहर में परीक्षा देने का मौका मिल सके.
यह भी पढ़ें – सरकारी नौकरी की तैयारी करने वालों के लिए शानदार मौका, इस राज्य में निकलने वाली हैं शिक्षक भर्ती की बंपर वैकेंसी
सिटी इंटिमेशन स्लिप कैसे डाउनलोड करें
भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है. अब उम्मीदवार यह देख सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस जिले या शहर में आयोजित होगी.
इसके लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट https://uppbpb.gov.in/ पर जाकर अपने लॉगिन डिटेल्स दर्ज करने होंगे. इस सुविधा से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को अपनी यात्रा और रुकने की योजना बनाने में आसानी होगी.
एडमिट कार्ड कब मिलेगा?
होमगार्ड भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन दिन पहले ऑनलाइन जारी किए जाएंगे यानी 25 अप्रैल की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 22 अप्रैल से, 26 अप्रैल की परीक्षा के लिए 23 अप्रैल से और 27 अप्रैल की परीक्षा के लिए 24 अप्रैल से उपलब्ध होंगे. उम्मीदवार अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड का यूज करके आधिकारिक वेबसाइट https://uppbpb.gov.in/ से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.