Skip to content

यूपी में कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच CM योगी से मिले विनोद तावड़े, इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की. उन्होंने सीएम योगी से संगठन विस्तार व मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की. तावड़े ने इससे पहले रविवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई मंत्रियों और नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर मंथन किया. माना जा रहा है कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी मिल सकती है. पार्टी महासचिव तावड़े जल्द ही रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे.

मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में जातिगत समीकरण और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए रणनीति पर काम होगा. इसके साथ ही एनडीए के घटक दलों की भूमिका पर भी चर्चा संभव है.

मंत्रिमंडल विस्तार पर मंथन तेज

राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े का लखनऊ दौरा बीजेपी की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक लंबे अरसे से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार अटका हुआ है. लोकसभा चुनावों के बाद पहले प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव टला, लेकिन अब पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी कई महीने बीत चुके थे. चूंकि पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर रही है. लिहाजा मंत्रिमंडल विस्तार के साथ संगठन की रूपरेखा पर भी मुहर लगनी है.

केन्द्रीय मंत्री से फोन पर बात

राष्ट्रीय महासचिव ने इसके अलावा आज सुबह महेन्द्रनाथ पाण्डेय समेत कई नेताओं से फोन पर बातचीत की. एक पूर्व केन्द्रीय मंत्री से भी फोन पर बातचीत हुई. यूपी के पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह के साथ कुछ अन्य स्थानों पर भी मीटिंग की. विनोद तावड़े अब दिल्ली में यूपी के कुछ बीजेपी नेताओं से कल मुलाकात करेंगे. उनसे भी यूपी का फीडबैक लेंगे.

सूत्रों ने बताया कि कुल मिलाकर संगठन का विस्तार, यूपी बीजेपी की नयी टीम, जातिगत संतुलन, कैबिनेट विस्तार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है. जल्द ही विनोद तावड़े अपनी पूरी रिपोर्ट केन्द्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे. जिसके बाद विस्तार जल्द होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *