बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. जल्द ही राज्य के नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आ सकता है. नीतीश कैबिनेट के बाद भारतीय जनता पार्टी बड़ी मीटिंग करने जा रही है. रविवार (12 अप्रैल) को राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ता दिखा क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है.
संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार का गठन होगा. कैबिनेट सचिवालय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी जिसके बाद राज्य के सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं.
नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज
नीतीश पिछले सप्ताह राज्यसभा के लिए चुने गए थे. इससे पहले कुमार के करीबी सहयोगी और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पत्रकारों से कहा था कि नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है. इस बीच, बीजेपी ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार विधानसभा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए शिवराज सिंह चौहान को ‘केंद्रीय पर्यवेक्षक’ नियुक्त किया है, जो सत्ता परिवर्तन की निगरानी करेंगे.
बीजेपी राज्य में अपने पहले मुख्यमंत्री की संभावना को लेकर काफी संयम बरत रही है. दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रह चुके चौहान को बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. जदयू के वरिष्ठ नेता और विधायी कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज सुबह यहां कहा था कि नए मुख्यमंत्री का चुनाव एनडीए द्वारा बीजेपी की सिफारिश पर किया जाएगा, जिसमें बीजेपी की अहम भूमिका होगी.
ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि निवर्तमान सरकार में महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में सबसे आगे हैं. फिलहाल कौन मुख्यमंत्री होगा इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन धीरे-धीरे नए मुख्यमंत्री का सामना जल्द ही जनता के सामने आने की उम्मीद अब बढ़ती जा रही है. देखना दिलचस्प होगा कि अगर मुख्यमंत्री बीजेपी की तरफ से होगा तो पार्टी किस पर दांव खेलने जा रही है.