Skip to content

Gujarat News: ‘गुजरात की जनता को ‘मूर्ख’ समझने वालों…’ डिप्टी CM हर्ष संघवी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार, 12 अप्रैस को कांग्रेस पर एक के बाद एक कई निशाने साधे. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता उन लोगों को निर्णायक रूप से परास्त करेगी, जो उन्हें ‘मूर्ख’ समझते हैं और राज्य से नफरत करते हैं. संघवी वडोदरा में बीजेपी के नगर निगम चुनाव अभियान की शुरुआत के अवसर कांग्रेस पर पलटवार किया और माफी की मांग की. संघवी ने कहा, “जो लोग गुजरात से नफरत करते हैं और यहां के लोगों को मूर्ख समझते हैं, उन्हें हर जिले में जवाब दिया जाएगा और वे लोग पूरी तरह परास्त होंगे.”

उपमुख्यमंत्री के ये बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक विवादास्पद बयान के एक सप्ताह बाद आया है.  खड़गे ने केरल में चुनावी रैली के दौरान गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया था और कहा था कि वहां के लोगों को नरेंद्र मोदी आसानी से ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं, लेकिन केरल के लोग अधिक समझदार और शिक्षित हैं, इसलिए उन्हें कोई गुमराह नहीं कर सकता. इस बयान को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है. 

संघवी ने पूछा- इस नफरत की जड़ क्या है?

संघवी ने खड़गे पर पलटवार करते हुए कहा, “जब तक कांग्रेस गुजरात में जीत रही थी, तब लोग अच्छे थे, लेकिन जैसे ही वो हारने लगे, तो गुजरात अचानक खराब हो गया?” उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता से सवाल किया कि वो हर चुनाव में गुजरात को ही क्यों निशाना बनाते हैं और बार-बार गुजरातियों को अपमानित क्यों करते हैं? इस नफरत की जड़ क्या है? संघवी ने कहा कि खड़गे को इन सवालों का जवाब देना चाहिए और अपने बयानों के लिए केवल गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए. 

वडोदरा नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी के अभियान की शुरुआत के अवसर पर संघवी ने कीर्ति मंदिर परिसर में पार्टी के सभी 76 उम्मीदवारों से मुलाकात की. इस कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने उम्मीदवारों के साथ बीजेपी के प्रति निष्ठा की शपथ भी ली. गौर हो कि 26 अप्रैल को 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और अहमदाबाद, सूरत तथा वडोदरा सहित 15 नगर निगमों के लिए चुनाव होने हैं और मतगणना 28 अप्रैल को होगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *