Skip to content

Jaipur News: जयपुर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े शर्मनाक वारदात, गर्भवती महिला से युवक ने की छेड़छाड़

राजधानी जयपुर में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर के पॉश इलाके मालवीय नगर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक गर्भवती महिला के साथ दिनदहाड़े अश्लील हरकत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दिनदहाड़े हुई शर्मनाक हरकत

बताया जा रहा है कि यह घटना 25 मार्च की शाम करीब 6 बजे की है. महिला अपने घर के पास कॉलोनी में फोन पर बात करते हुए पैदल जा रही थी. तभी पीछे से आए एक युवक ने अचानक उसे पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा.

अचानक हुए इस हमले से महिला बुरी तरह घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी. महिला की आवाज सुनकर लोग बाहर निकलते, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला.

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. अब यही फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

सबसे बड़ी बात यह है कि घटना 25 मार्च की होने के बावजूद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज नहीं किया. इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो आरोपी अब तक पकड़ा जा सकता था.

DCP ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश

मामला सामने आने के बाद जयपुर पूर्व की DCP रंजीता शर्मा ने संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही रिपोर्ट दर्ज नहीं करने की शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

कुछ दिन पहले भी जयपुर में बाइक सवार महिला के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आया था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *