Skip to content

अंबेडकर जयंती को लेकर एटा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 187 प्रतिमाओं पर होगा पुलिस का पहरा

आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर उत्तर प्रदेश स्थित एटा में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.  जनपद के नवागत एसएसपी डॉ. ईला मारन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए हैं. जानकारी के अनुसार जनपद के सभी 18 थाना क्षेत्रों में स्थित लगभग 187 अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि जयंती के अवसर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. एसएसपी ने बताया कि 187 अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए हर प्रतिमा के पास एक सिपाही व एक होमगार्ड की तैनाती की गई है. 

जानकारी के अनुसार, अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पूरे जनपद में 50 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शोभा यात्रायें, झाकियां, प्रभात फेरी जैसे अन्य कार्यक्रम शामिल हैं. इसको लेकर सभी 18 थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं और कार्यक्रम आयोजकों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तय की गयी है.  इस दौरान आयोजनों के लिए मार्ग निर्धारित किए गए ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें.
 

अंबेडकर जयंती पर बढ़ाई गई सुरक्षा

एसएसपी डॉ. ईला ने कहा कि हम पूरा प्रयास कर रहे हैं ताकि अंबेडकर जयंती पूरे जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जाये. सभी लोग अनुशासन और नियमों का पालन करें और केवल परंपरागत कार्यक्रमों का ही आयोजन करें, गैर परंपरागत कार्यक्रम न करायें. उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों का दौरा कर पेट्रोलिंग की जा रही है और जनता से संवाद स्थापित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सभी को निर्देश दिया गया है कि वो अपराधियों से कड़ाई से निपटें और भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति अपनायें.

ऐप के माध्यम से लोगों के चेहरे होंगे सत्यापित

एसएसपी ने कहा कि एटा पुलिस जनता को बेहतर सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है. परंपरागत और आधुनिक पुलिसिंग के समन्वय से थाना और बीट स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देशों के अनुसार दक्ष ऐप के माध्यम से लोगों के चेहरों को स्केन कर सत्यापन की प्रक्रिया भी लागू की जा रही है ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके. 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *