Skip to content

DMRC ने इस बड़े सर्वे के लिए यात्रियों से मांगा सुझाव, दिल्ली मेट्रो की सुविधा पर दें जानकारी

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अब अपने यात्रियों को सीधे फैसले का हिस्सा बनाने जा रही है. सफर के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एक खास ऑनलाइन सर्वे शुरू किया जा रहा है, जहां हर यात्री अपनी राय, शिकायत और सुझाव खुलकर साझा कर सकेगा. यह पहल न सिर्फ सेवाओं की गुणवत्ता को परखने का जरिया बनेगी, बल्कि आने वाले समय में मेट्रो सफर को और ज्यादा सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने की दिशा भी तय करेगी.

Transport Strategic Centre द्वारा संचालित COMET बेंचमार्किंग ग्रुप के तहत इस सर्वे का 13वां संस्करण 13 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 10 मई 2026 तक चलेगा. यह सर्वे दुनियाभर के मेट्रो सिस्टम्स के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों की वास्तविक सोच को समझा जा सके.

आखिर क्यों किया जा रहा सर्वे?

मिली जानकारी के मुताबिक, इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि मेट्रो में सफर करने वाले लोग सेवाओं को किस नजर से देखते हैं. यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर सेवा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा तय की जाएगी. इसमें सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाएगा.

DMRC की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जा सकती है प्रतिक्रिया

Delhi Metro Rail Corporation ने यात्रियों के लिए भागीदारी की प्रक्रिया बेहद आसान रखी है. इच्छुक यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट www.delhimetrorail.com पर जाकर दिए गए लिंक के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. यह फॉर्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा.

मेट्रो की हर सुविधा पर पूछी जाएगी राय

इस सर्वे में यात्रियों से मेट्रो की लगभग हर महत्वपूर्ण सेवा पर फीडबैक मांगा जाएगा. इसमें उपलब्धता, पहुंच, उपयोग में आसानी, यात्रा से पहले और दौरान मिलने वाली जानकारी, समय की पाबंदी, ग्राहक सेवा, आराम, भीड़, सुरक्षा और कुल संतुष्टि जैसे पहलू शामिल हैं.

दुनियाभर के मेट्रो सिस्टम्स भी ले रहे हिस्सा

COMET ग्रुप के सदस्य दुनिया भर से इस सर्वे में हिस्सा ले रहे हैं. इसका मकसद यह जानना है कि यात्रियों को कौन-सी सेवाएं सबसे ज्यादा पसंद आ रही हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है. इससे बेहतरीन प्रैक्टिसेस को अपनाकर यात्रियों को और बेहतर अनुभव देने की योजना बनाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *