Skip to content

Gonda News: गोंडा में बकरी चोरी गैंग का पर्दाफाश, स्कॉर्पियो से वारदात, 4 शातिर गिरफ्तार, कैश भी बरामद

उत्तर प्रदेश के गोंडा में वजीरगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. यहां एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर स्कॉर्पियो वाहन से बकरी चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कर चार चोरों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी चोरों से बरामद हुई हैं. इसके अलावा नगदी भी बरामद की है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जनपद में पिछले दिनों एकाएक कई जगह से बकरी चोरी की घटनाएं सामने आ रहीं थीं. जिस पर जॉइंट ऑपरेशन चलाकर इन चोरों को गिरफ्तार किया गया है. इनके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है.

लगातार बढ़ गयीं थी घटनाएं

एएसपी राधेश्याम ने बताया कि बीते कुछ दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में बकरी चोरी की घटनाएं प्रकाश में आई थी. बकरी चोरी की घटनाओं के अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया. गठित टीमों द्वारा क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की गई तथा खुफिया सूचनाओं का प्रभावी संकलन किया गया.

पुलिस टीमों की सक्रिय कार्यवाही के फलस्वरूप बकरी चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय संगठित गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए 04 शातिर अपराधियों रफीक पुत्र तौफीक, शकील पुत्र अब्दुल खालिक, शमसुद्दीन पुत्र भगोले और  रहीश पुत्र रशीद को दुर्जनपुर घाट से कोडर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 6 अदद चोरी की बकरियां, घटना में प्रयुक्त 02 अदद स्कॉर्पियो वाहन तथा 23,800  नकद बरामद किया गया.

आसपास के जनपदों में भी करते थे वारदात

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं, जो जनपद गोण्डा एवं उसके आस-पास के जनपदों में रात्रि के समय घरों के बाहर बंधी बकरियों की रेकी कर सुनियोजित ढंग से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. इन सभी ने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है. इनके बाकी अपराध खंगाले जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *