Skip to content

Ramnagar News: रामनगर में LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, अवैध रिफिलिंग करते 2 गिरफ्तार

उत्तराखंड के रामनगर में पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कोतवाली रामनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के खताड़ी इलाके में एक मकान के अंदर अवैध तरीके से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग का काम किया जा रहा है.

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान घर के अंदर बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग का काम चल रहा था.

34 छोटे-बड़े सिलेंडर बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर बरामद किए, जो अलग-अलग कंपनियों के बताए जा रहे हैं. इसके अलावा एलपीजी रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, तराजू और बाट सहित अन्य सामान भी मौके से जब्त किया गया. पुलिस ने वहां से आधा ड्रम डीजल समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ भी बरामद किए हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक माने जाते हैं.

दो आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खताड़ी, रामनगर के निवासी बताए जा रहे हैं. दोनों आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और भंडारण में संलिप्त पाए गए.

मुकदमा दर्ज-होगी कार्रवाई  

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस संबंध में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 101/26 दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि यह गतिविधि न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण अत्यंत जोखिम भरा होता है.

छापेमारी की इस कार्रवाई में पुलिस की एक टीम शामिल रही, जिसमें वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, गगन भंडारी, संजय सिंह और महिला कांस्टेबल रेशू शामिल थीं. टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम देते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा.

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *