Skip to content

कालिंदी कुंज होगा सिग्नल फ्री, बनेंगे 2 फ्लाईओवर, 3 राज्यों को होगा फायदा जानें- पूरा प्लान

दिल्ली-नोएडा सीमा पर स्थित कालिंदी कुंज जंक्शन पर लंबे समय से जारी भीषण जाम से राहत दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI)ने फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह फ्लाईओवर टू वे होगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर कालिंदी कुंज चौराहा सिग्नल-फ्री हो जाएगा, जिससे रोजाना हजारों वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है. इस फ्लाईओवर से दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश, तीन राज्यों को फायदा होगा.

इस संबंध में बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नोएडा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की बैठक NHAI के साथ हुई, जिसमें डीपीआर पर चर्चा की गई. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जंक्शन को सिग्नल-फ्री बनाने के लिए दो लूप रोड यानी फ्लाईओवर बनाए जाएंगे.

सीधे फरीदाबाद ले जाएगा फ्लाईओवर

प्रोजेक्ट के तहत पहला फ्लाईओवर नोएडा से आने वाली गाड़ियों को सीधे फरीदाबाद और मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर ले जाएगा, जिससे उन्हें कालिंदी कुंज चौराहे पर रुकना नहीं पड़ेगा. दूसरा फ्लाईओवर फरीदाबाद और मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे नोएडा की ओर जोड़ेगा, जो ओखला बैराज रोड से कनेक्ट होगा. इस तरह दोनों ही ओर से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जंक्शन पर जाम की समस्या में बड़ी कमी आएगी.

दिल्ली में बोरवेल लगाने के लिए सरकार लाएगी नई पॉलिसी, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का ऐलान

अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा चौराहा भी चालू रहेगा, लेकिन इसे भी सिग्नल-फ्री बनाने के लिए कुछ हिस्सों का चौड़ीकरण किया जाएगा. कालिंदी कुंज जंक्शन लंबे समय से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट बना हुआ है, जहां रश आवर्स में घंटों जाम लगता है.

लोकसभा में उठा था मुद्दा

यह प्रस्ताव पहली बार अगस्त 2025 में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने उठाया था. उस समय NHAI को भेजे गए पत्र में बताया गया था कि मुंबई एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद फरीदाबाद और बदरपुर से नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे कालिंदी कुंज पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ गया है.

अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक NHAI ने इस प्रोजेक्ट के लिए डीपीआर तैयार कर लिया है और अब इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है.

दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने वाला सरबजीत खोलेगा बड़े राज? 8 दिन की कस्टडी में पुलिस करेगी पूछताछ

लोकसभा में भी इस मुद्दे को उठाया गया था. तब केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने बताया था कि कालिंदी कुंज समेत दिल्ली के तीन प्रमुख कॉरिडोर पर ट्रैफिक बेहतर करने के लिए परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं. इस फ्लाईओवर से न सिर्फ यात्रा समय कम होगा, बल्कि ट्रैफिक भी संतुलित होगा.

फिलहाल प्रोजेक्ट की समयसीमा तय नहीं की गई है, लेकिन मंजूरी और डीपीआर तैयार होने के बाद इसे जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *