Skip to content

Jodhpur News: जोधपुर में पानी को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, टंकी पर चढ़कर किया प्रदर्शन

जोधपुर के पाबूपुरा इलाके में पानी की किल्लत अब बड़ा मुद्दा बन चुकी है. गुरुवार (9 अप्रैल) को इस समस्या से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने टंकी पर चढ़कर जोरदार प्रदर्शन किया. गर्मी शुरू होते ही पानी की परेशानी और बढ़ गई है, जिससे लोगों का धैर्य जवाब दे गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो साल से इलाके में नियमित पानी की सप्लाई नहीं हो रही है. कई बार शिकायत करने के बावजूद जलदाय विभाग की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. मजबूरी में लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है.

महिलाओं ने बताया कि पानी की वजह से घर का काम, बच्चों की देखभाल और बाकी जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल हो गया है. इसी वजह से उन्होंने विरोध का रास्ता अपनाया.

टंकी पर चढ़ते ही मचा हड़कंप

प्रदर्शन के दौरान हालात तब बिगड़ गए जब कई महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ गईं और वहीं से नारेबाजी करने लगीं. जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

लोग मौके पर जुटने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने की कोशिश शुरू की. किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सिविल डिफेंस टीम को भी बुलाया गया.

टंकी पर चढ़ी महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक जलदाय विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर पक्की बात नहीं करेंगे, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगी. उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए.

प्रशासन की समझाइश, हालात नियंत्रण में

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार महिलाओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचेंगे और समस्या का समाधान किया जाएगा.

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से हालात नियंत्रण में हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पानी की समस्या का स्थायी हल कब तक निकलता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *