राजस्थान के झुंझुनू में हिस्ट्रीशीटरों के आतंक की खबर सामने आई है. हिस्ट्रीशीटरों ने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मार दी. इस बीच टक्कर लगने से ASI समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की एक गाड़ी का एयरबैग तक खुल गया. साथ ही पुलिस की गाड़ियों के कांच टूट गए और वह कई जगह से पिचक गईं हैं.
पुलिस ने की थी हिस्ट्रीशीटर की घेराबंदी
झुंझुनू पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर रोहित महला करीब महीने भर पहले ही जेल से छूट कर आया था. सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है. शुक्रवार (13 मार्च) की रात को पुलिस ने दो गाड़ियों के साथ उसकी घेराबंदी की.
उस वक्त वह एक पिकअप वैन पर सवार था. पुलिस द्वारा आगे और पीछे गाड़ी लगाए जाने पर वह उसकी गाड़ियों को टक्कर मारते हुए भाग गया. पुलिस की टीम करीब डेढ़ घंटे तक उसका पीछा करती रही. हालांकि बाद में उसे हिरासत में ले लिए जाने की भी खबर सामने आई है.
आरोपी के अन्य साथी फरार
बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर के बाकी साथी पिकअप वैन समेत भागने में कामयाब रहे हैं. वहीं चारों घायल पुलिस कर्मियों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है. इसमें से एक पुलिसकर्मी की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. उसे पहले जिला अस्पताल रेफर किया गया था और वहां से जयपुर रेफर किया गया है.
हिस्ट्रीशीटर के साथ पुलिस की भिड़ंत से महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई है. वहीं अन्य फरार आरोपियों के लिए भी पुलिस एक्शन में दिख रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश देना शुरू कर दी गई है. वहीं मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर समेत अन्यों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल, 64 IPS अधिकारियों के तबादले, यहां देखें पूरी लिस्ट