उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. यह घटना ग्राम बरोटीवाला की है, जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में गया हुआ था.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बरोटीवाला निवासी पंकज सिंह चौहान शाम करीब 7 बजे अपने परिवार के साथ ताला लगाकर ससुराल पांवटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) गए थे. अगले दिन 8 मार्च को जब वे दोपहर करीब 2:30 बजे वापस लौटे, तो घर के हालात देखकर उनके होश उड़ गए. घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था.
लाखों के जेवर और नकदी पार
पीड़ित पंकज सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात चोरों ने घर के अंदर अलमारी और संदूक के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली है. चोरी गई संपत्ति में एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की तीन अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक सोने का पैंडल, चांदी की कंडोलियां और तीन जोड़ी चांदी की पाजेब और 1 लाख 80 हजार रुपये की नकद राशि शामिल है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(a) के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके.
मियांवाल क्षेत्र में चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना
आपको बता दें कि राजधानी देहरादून में चोरों के हौंसले बुलंद हैं. बीते दिनों देहरादून के मिंयावाला क्षेत्र में चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर नकदी सहित सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था. बताया गया कि जिस वक्त घर में चोरी की वारदात हुई थी, उस वक्त मकान में कोई नहीं था. फिलहाल ये दोनों ही मामले पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.