Skip to content

Patna News: नीतीश कुमार 10 मार्च से फिर शुरू करेंगे ‘समृद्धि यात्रा’, राज्यसभा जाने से पहले क्या है प्लान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं. सरकारी अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री 10 मार्च से इस यात्रा को दोबारा शुरू करेंगे और राज्य के कई जिलों का दौरा करेंगे. इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और आम लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे.

दरअसल, समृद्धि यात्रा की शुरुआत 16 जनवरी को पश्चिम चंपारण जिले से की गई थी. मुख्यमंत्री का उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेना और लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना था. हालांकि बिहार विधानसभा के बजट सत्र की वजह से इस यात्रा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था. अब बजट सत्र के बीच थोड़े अंतराल के बाद इसे फिर से शुरू किया जा रहा है.

सीएम नीतीश कुमार कई जिलों का करेंगे दौरा

कैबिनेट सचिवालय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इस संबंध में राज्य के सभी विभागों के प्रमुखों, पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं. पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी देंगे.

इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा सहित कई जिलों का दौरा करेंगे. यह यात्रा 10 मार्च से शुरू होकर 14 मार्च तक चलेगी. हर जिले में मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे.

आम लोगों से मिल समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे सीएम

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री यह जानना चाहते हैं कि राज्य में चल रही योजनाओं का लाभ लोगों तक कितनी तेजी से पहुंच रहा है और किन क्षेत्रों में अभी सुधार की जरूरत है. इसके साथ ही वे आम लोगों से भी मिलेंगे और उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे. पत्र में यह भी कहा गया है कि सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और प्रमुख परियोजनाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी समीक्षा बैठकों में भाग लेंगे. इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके.

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इससे पहले दिसंबर 2024 में राज्यव्यापी ‘प्रगति यात्रा’ भी निकाल चुके हैं. यह यात्रा फरवरी 2025 तक चली थी. उस दौरान भी मुख्यमंत्री ने कई जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की थी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे. अब समृद्धि यात्रा के जरिए सरकार एक बार फिर विकास योजनाओं की प्रगति पर नजर रखने की तैयारी में है.

ये भी पढ़िए- Delhi News: एक हजार करोड़ के कर्ज पर घिरी दिल्ली सरकार, बीजेपी ने आप को याद दिलाए पुराने आंकड़े

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *