Skip to content

US ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, 16 मार्च को जंतर-मंतर से संसद घेराव का ऐलान

US ट्रेड डील और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इस दौरान संगठन के नेताओं ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए और 16 मार्च को जंतर-मंतर से संसद घेराव करने की घोषणा की. प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली सह-प्रभारी कृष्णा हरि और हैवरान कंसाना ने पत्रकारों को संबोधित किया.

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने AI Summit के दौरान जो प्रदर्शन किया, वह पूरी तरह लोकतांत्रिक अधिकार के तहत था. 

‘दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन स्वाभाविक’

उन्होंने कहा कि सेशन कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन होना स्वाभाविक है. लाकड़ा ने आरोप लगाया कि Epstine File में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके सहयोगी मंत्रियों का नाम सामने आने के तुरंत बाद India-US ट्रेड डील पर हस्ताक्षर कर दिए गए, जिससे कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं.

US ट्रेड डील से किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान का आरोप

अक्षय लाकड़ा ने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील के तहत भारत का डेटा अमेरिका को सौंपे जाने की आशंका है, जिससे देश की डिजिटल संप्रभुता प्रभावित हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि इस समझौते से देश भर के किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री भी बुरी तरह प्रभावित होगी. लाकड़ा ने कहा कि इतनी जल्दबाजी में इस डील की घोषणा यह संकेत देती है कि सरकार दबाव में निर्णय ले रही है.

AI Summit के बाद कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप

युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि AI Summit में विरोध प्रदर्शन के बाद संगठन के कई कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया. हालांकि उन्होंने कहा कि इन दबावों के बावजूद कोई भी कार्यकर्ता डरा नहीं और आंदोलन जारी रखा. उन्होंने बताया कि इस समय संगठन का कोई भी कार्यकर्ता न तो न्यायिक हिरासत में है और न ही पुलिस कस्टडी में है.

16 मार्च को जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन

अक्षय लाकड़ा ने घोषणा की कि केंद्र सरकार की नीतियों और खासकर US ट्रेड डील के विरोध में 16 मार्च को जंतर-मंतर पर एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में होगा और इसमें देशभर से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल होंगे.

संसद घेराव का आह्वान

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह-प्रभारी हैवरान कंसाना ने कहा कि 16 मार्च को युवा कांग्रेस ने संसद घेराव का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न मुद्दों को लेकर संगठन लगातार आंदोलन करता रहा है, लेकिन जंतर-मंतर पर होने वाला आगामी प्रदर्शन अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन साबित हो सकता है. कंसाना ने दावा किया कि इस आंदोलन में देशभर से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *