Skip to content

UPSC Topper 2026 Anuj Agnihotri को सीएम भजन लाल शर्मा ने दी बधाई, कहा- आपकी उपलब्धि…

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री को बधाई दी है. शर्मा ने कहा कि अनुज की यह उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी.

उल्लेखनीय है कि आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जिसमें अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. अनुज राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं.

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा,’यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले राजस्थान के सपूत अनुज अग्निहोत्री को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं! आपकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी.’

उन्होंने कहा,’परीक्षा में सफल हुए सभी अन्य अभ्यर्थियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी पूर्ण निष्ठा से ‘राष्ट्र सेवा’ का संकल्प सिद्ध करेंगे.’

UPSC Results 2026:  सफलता पर क्या बोले अनुज अग्निहोत्री?

राजस्थान के डॉक्टर अनुज अग्निहोत्री मे कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है. मुझे अभी भी इसे समझने में थोड़ा समय लग रहा है.’

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है. आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है. 

सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार – में आयोजित की जाती है.

आयोग ने एक बयान में कहा कि 348 अनुशंसित प्रतिभागियों की उम्मीदवारी को अस्थायी रखा गया है.  केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भरी जाने वाली 1,087 रिक्तियों की घोषणा की थी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *