Skip to content

UPSC Result 2025: बुलंदशहर के चार युवाओं ने बढ़ाया मान, फोर्थ क्लास कर्मचारी की बेटी बनी IAS

बुलंदशहर जिले के चार युवाओं ने यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा पास करके पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है. इनमें नाबिया परवेज ने 29वीं रैंक, शिखा सिंह ने 113वीं रैंक, विपिन राजौरा ने 538वीं रैंक और पारस भाटिया ने 937वीं रैंक हासिल की है. इन चारों की सफलता से बुलंदशहर में खुशी की लहर है. परिवार वाले, रिश्तेदार और पड़ोसी मिठाइयां बांटकर जश्न मना रहे हैं. आइए आपको इन सभी की सक्सेस स्टोरी से रूबरू कराते हैं.

जिद से हासिल की जीत

बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में अंबेडकर नगर मुहल्ले में रहने वाली शिखा सिंह ने 113वीं रैंक हासिल की है. उनके पिता प्रेम चंद बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में इंदिरा गांधी कन्या इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, जिसकी वजह से पिता ने शिखा को आईएएस की तैयारी करने से रोका भी था. हालांकि, शिखा ने हार नहीं मानी और मन लगाकर पढ़ाई की. 

पिता प्रेम चंद अब बेटी पर गर्व महसूस कर रहे हैं. वह कहते हैं कि बेटी ने मुश्किल हालात में भी अपना सपना पूरा कर दिखाया. शिखा ने साबित कर दिया कि आर्थिक तंगी या परिवार की स्थिति कोई बहाना नहीं होती. अगर इरादा पक्का हो और मेहनत लगातार हो तो सफलता जरूर मिलती है.

जिले की ‘टॉपर’ बनीं नाबिया

बुलंदशहर के दरियापुर में रहने वाली नाबिया को 29वीं रैंक मिली है, जो बुलंदशहर जिले में सबसे हाई रैंक है. नाबिया ने अपनी मेहनत और स्मार्ट तरीके से पढ़ाई करके यह मुकाम हासिल किया. उनकी सफलता से परिवार और इलाके में गर्व महसूस कर रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि नाबिया ने दिखाया कि लड़कियां भी हाई रैंक हासिल कर सकती हैं. 

विपिन और पारस को ऐसे मिली कामयाबी

बुलंदशहर के ही विपिन राजौरा ने 538वीं रैंक हासिल की है. वह रोजाना काफी मेहनत करते थे. वहीं, सिकंदराबाद के रहने वाले पारस भाटिया को 937वीं रैंक मिली है. चारों युवाओं ने मेहनत, धैर्य और परिवार का साथ पाकर यह मुकाम हासिल किया है.

कौन है यूपीएससी का टॉपर?

बता दें कि यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट शुक्रवार (06 मार्च) को जारी किया गया. इसमें राजस्थान के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है, जबकि दूसरे नंबर पर चेन्नई की राजेश्वरी सुवे एम रहीं.

ये भी पढ़ें: कितनी मुश्किल है IAS बनने वाले कैंडिडेट्स को मिलने वाली LBSNAA ट्रेनिंग? इसके बारे में जानें सबकुछ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *