आगरा की तनीषा सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 930वीं रैंक हासिल की है. यह उनका पहला प्रयास था. तनीषा का कहना है कि परिणाम आने में थोड़ी देरी हुई, लेकिन रिजल्ट से काफी सुकून मिला है. उन्होंने अपने पैरेंट्स को अपना आदर्श बताया और कहा कि अभी सेवा तय नहीं हुई है. अगली बार रैंक सुधारने की कोशिश भी करेंगी.
तनीषा ने यूं रचा इतिहास
आगरा की बृज द्वारिका कॉलोनी में रहने वाली तनीषा सिंह ने बिना कोचिंग यूपीएससी की तैयारी की थी और पहले ही प्रयास में उन्होंने इतिहास रच दिया. वह घर पर ही ऑनलाइन मैथड से पढ़ाई करती थीं. तनीषा के पिता हीरा सिंह राजस्व निरीक्षक हैं, जिनसे प्रेरणा लेकर उन्होंने सिविल सेवा में जाने का सपना देखा. तनीषा के मुताबिक, उनकी छोटी बहन भी बीटेक कर रही हैं.
शुरू से ही मेधावी हैं तनीषा
बता दें कि तनीषा ने 10वीं में 88 पर्सेंट मार्क्स हासिल किए थे, जबकि 12वीं में पीसीएम लिया था और उन्हें 95 पर्सेंट अंक मिले थे. इसके बाद कानपुर के एसबीटीआई से बीटेक करने के बाद उन्होंने रिलायंस कंपनी में प्रोसेस इंजीनियर की जॉब की, जहां उन्हें करीब 10.5 लाख का पैकेज मिला था. हालांकि, एक साल बाद ही उन्होंने नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं. कड़ी मेहनत और सही रणनीति के दम पर उन्होंने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास की, जिसके बाद परिवार और कॉलोनी में खुशी का माहौल है.
तनीषा ने ऐसे की थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, तनीषा ने कोई कोचिंग नहीं ली. घर बैठे ऑनलाइन क्लासेस, यूट्यूब लेक्चर, फ्री स्टडी मैटेरियल, एनसीईआरटी बुक्स, न्यूजपेपर और टेस्ट सीरीज से तैयारी की. वह रोजाना कई घंटे पढ़ाई करती थीं. सिलेबस को अच्छे से समझती थीं. कमजोर टॉपिक्स पर ज्यादा समय देती थीं. मॉक टेस्ट देना उनकी रणनीति का मुख्य हिस्सा था. गलतियों से सीखकर सुधार करती रहीं. उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य distractions से दूरी बनाए रखी. फोकस सिर्फ पढ़ाई पर रहा. कड़ी मेहनत और सही प्लानिंग से उन्हें पहले ही प्रयास में सफलता मिल गई.
राजस्थान के अनुज अग्रवाल ने किया टॉप
बता दें कि यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट शुक्रवार यानी 6 मार्च 2026 को जारी किया गया, जिसमें 958 कैंडिडेट्स को कामयाबी मिली. इस परीक्षा में राजस्थान के अनुज अग्रवाल ने टॉप किया है. वहीं, दूसरे पायदान पर दूसरे नंबर पर चेन्नई की राजेश्वरी सुवे एम रहीं.
ये भी पढ़ें: कितनी मुश्किल है IAS बनने वाले कैंडिडेट्स को मिलने वाली LBSNAA ट्रेनिंग? इसके बारे में जानें सबकुछ