Skip to content

UPSC में जम्मू-कश्मीर के युवाओं का कमाल, 16 उम्मीदवारों ने पाई सफलता; सुवन शर्मा रहे टॉपर

देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली सिविल सर्विस परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित हो चुका है. यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की ओर से जारी इस रिजल्ट में देशभर के 958 उम्मीदवारों को अलग-अलग सेवाओं के लिए चुना गया है. इन सेवाओं में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्र सरकार की कई अन्य सेवाएं शामिल हैं.

इस बार के परिणाम में जम्मू-कश्मीर के युवाओं ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. आयोग की आधिकारिक सूची के अनुसार कश्मीर क्षेत्र से 13 और जम्मू क्षेत्र से 3 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है. इस तरह कुल 16 उम्मीदवार जम्मू-कश्मीर से इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल हुए हैं. इन युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.

सुवन शर्मा बने जम्मू-कश्मीर के टॉपर

जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों में सुवन शर्मा सबसे आगे रहे हैं. उन्होंने ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में 148वीं रैंक हासिल की है. यह रैंक हासिल करना किसी भी उम्मीदवार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. उनकी सफलता से परिवार और जानने वालों में खुशी की लहर है.

यह भी पढ़ें – Anuj Agnihotri UPSC Topper: कौन हैं अनुज अग्निहोत्री और कहां के रहने वाले, जिन्हें यूपीएससी की टॉपर लिस्ट में मिला पहला नंबर?

पुलवामा के तौसीफ अहमद गनई बने IAS

पुलवामा जिले के पुचल इलाके के रहने वाले तौसीफ अहमद गनई ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 254वीं रैंक हासिल की है और भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए सफल हुए हैं. तौसीफ की इस सफलता को पुलवामा जिले के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि वे यहां से IAS बनने वाले युवाओं में शामिल हो गए हैं.

कई और युवाओं ने हासिल की सफलता

इस परीक्षा में अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके के रहने वाले मुनीब अफजल पर्राह ने भी सफलता हासिल की है. उन्होंने 581वीं रैंक प्राप्त की है. वहीं कश्मीर की पंडित बेटी रितिका रेणु भान ने भी इस कठिन परीक्षा को पास किया है. रितिका मूल रूप से दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले की रहने वाली हैं, लेकिन फिलहाल उनका परिवार जम्मू में रहता है. उन्होंने UPSC परीक्षा में 456वीं रैंक हासिल की है. उनकी सफलता को भी क्षेत्र में काफी सराहा जा रहा है.

डॉ. कोह-ए-सफा ने भी किया परिवार का नाम रोशन

इस परीक्षा में एक और नाम चर्चा में है डॉ. कोह-ए-सफा का. उन्होंने 763वीं रैंक हासिल कर सिविल सेवा परीक्षा पास की है. वह प्रिंसिपल और सेशंस जज महमूद चौधरी की बेटी हैं. उनकी सफलता से परिवार और जानने वालों में गर्व का माहौल है. जम्मू-कश्मीर से सफल होने वाले अन्य उम्मीदवारों में सोयाश शिवम, गुलाम दीन, द्वारका गाधी, आकाश, यासार, अभिषेक, पंकज, मोहम्मद अजाज, अजहर, सरफराज और इरफान जैसे नाम शामिल हैं.

इन उम्मीदवारों की रैंक

सुवन शर्मा (148), तौसीफ गनई (254), रितिका (456), सोयाश शिवम (572), मुनीब पर्राह (581), गुलाम दीन (683), द्वारका गाधी (721), आकाश (747), कोह-ए-सफा (763), यासार (811), अभिषेक (820), पंकज (856), मोहम्मद अजाज (869), अजहर (886), सरफराज (936) और इरफान (957).

यह भी पढ़ें –  ट्रेन हादसे में खो दिए हाथ-पैर, लेकिन सपने नहीं; सूरज तिवारी ने एक बार फिर क्रैक किया UPSC एग्जाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *