उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में मार्च की शुरुआत में मौसम असामान्य रूप से गर्म रहने की संभावना है और आने वाले दिनों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह पूर्वानुमान जताया है.
मौसम विभाग ने कहा कि अगले सप्ताह राज्य में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के आने की संभावना नहीं है, जिससे शुष्क परिस्थितियां बनी रहेंगी और अधिकतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी.
यूपी में गर्म मौसम रहने की उम्मीद
विभाग के अनुसार तापमान पहले से ही सामान्य से अधिक है और मौजूदा शुष्क परिस्थितियों के कारण राज्य भर में इस समय के हिसाब से मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहने की संभावना है. इसको देखते हुए प्रदेश में गर्मी के बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं.
लखनऊ में इतना दर्ज किया गया तापमान
लखनऊ में रविवार (8 फरवरी) को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री अधिक था.
आज कैसा रहेगा यूपी में मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार (9 मार्च) को लखनऊ और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने और धूप वाला दिन रहने का पूर्वानुमान जताया है. विभाग के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
कई शहरों में दर्ज हुआ अधिक तापमान
राज्य भर में, कई शहरों में दिन का तापमान पहले ही अधिक दर्ज किया जा चुका है. आगरा में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि झांसी, बांदा और प्रयागराज जैसे स्थानों पर भी तापमान मौसम के औसत से अधिक दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने क्या कहा?
अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने की संभावना है और यदि शुष्क मौसम जारी रहता है तो राज्य के कई हिस्सों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. उन्होंने कहा कि अभी तक कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है और इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है.
ये भी पढ़ें: गोरखपुर: 17वां रोजा मुकम्मल, रमजान का दूसरा अशरा खत्म होने के करीब, तीसरे की तैयारी शुरू