उत्तर प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल की कथित किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है. सीएम ने सभी जिलों के डीएम और पुलिस अफसरों को निर्देश दिया है कि तेल और गैस को लेकर अफवाह फैलाने वालों तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है. सभी जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों और दुकानों का निरीक्षण करने को कहा गया है. साथ ही गैस का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं.