Skip to content

UP News: ‘खामेनेई की तरह शहादत मंजूर पर समझौता नहीं’, बाराबंकी में गरजे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद

बाराबंकी के बडेल मैदान में रविवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब के मिशन को धार देने पहुंचे, भीम आर्मी प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सीधे तौर पर सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दलों पर निशाना साधा है. भारी भीड़ से लबालब मैदान में चंद्रशेखर ने बाराबंकी के ऐतिहासिक संदर्भों का जिक्र करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए.

उन्होंने कहा कि जिस तरह ईरान के लीडर अयातुल्ला खामेनेई का रिश्ता इस मिट्टी बाराबंकी से रहा और उन्होंने डरने या समझौता करने के बजाय शहादत के रास्ते को चुना, उसी तरह वे भी जुल्म के खिलाफ झुकने वाले नहीं हैं. चंद्रशेखर ने एकजुट होने का संदेश देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग डरे नहीं हमारे साथ आए हम 2027 में भाजपा की सरकार को उत्तर प्रदेश से उखाड़ फेंकेंगे.

चंद्रशेखर आजाद ने सदर विधानसभा सीट पर ठोंकी दावेदारी

मीडिया से मुखातिब होते हुए चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले बाराबंकी की सदर विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी ठोक दी. उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक हम मैदान में नहीं थे, तब तक लोग कहीं भी वोट दे रहे थे लेकिन अब आजाद समाज पार्टी मजबूती से काम कर रही है. 

उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र नगीना का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां की पांचों विधानसभाओं में भाजपा को धूल चटाई गई, वही इतिहास अब पूरे उत्तर प्रदेश में दोहराया जाएगा. उन्होंने भाईचारे के दम पर सरकार बदलने का भरोसा जताया है.

कांशीराम को अपना बताने वाले दलों पर कसा तंज

डॉ. अंबेडकर और कांशीराम साहब को सभी पार्टियों द्वारा अपना बताने के सवाल पर चंद्रशेखर ने तीखा तंज कसा है. उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या दल के नहीं होते लेकिन बड़ा सवाल यह है कि साल 2006 से 2026 तक आखिर इन पार्टियों को महापुरुषों की याद क्यों नहीं आई. उन्होंने दावा किया कि जब से ‘आजाद समाज पार्टी’ ने मोर्चा संभाला है, तभी से अन्य दलों में कांशीराम साहब को अपना बताने की होड़ लगी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *