Skip to content

UAE में फिर ऑनलाइन पढ़ाई का फैसला, स्प्रिंग ब्रेक के बाद भी दो हफ्ते घर से ही होगी क्लास

दुनिया के बदलते हालात का असर अब एक बार फिर पढ़ाई पर भी दिखने लगा है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में सरकार ने छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है. अब स्प्रिंग ब्रेक खत्म होने के बाद भी स्कूल, कॉलेज और नर्सरी में दो हफ्तों तक ऑनलाइन यानी दूर से पढ़ाई जारी रहेगी. इस फैसले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले समय में पढ़ाई का तरीका पूरी तरह बदलने वाला है. हालांकि सरकार का कहना साफ है सबसे पहले सुरक्षा, फिर पढ़ाई.

हाल ही में देश में बने हालात को देखते हुए 9 मार्च से पहले ही स्कूलों में स्प्रिंग ब्रेक घोषित कर दिया गया था. इसके पहले 2 मार्च से ही पढ़ाई को ऑनलाइन मोड में शिफ्ट कर दिया गया था. अब जब छुट्टियां खत्म होने वाली हैं, सरकार ने ऐलान किया है कि 22 मार्च के बाद भी अगले दो हफ्ते तक कक्षाएं ऑनलाइन ही चलेंगी. यानी छात्रों को अभी स्कूल लौटने के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा.

स्कूलों ने फैसले का किया स्वागत

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक देश के अलग-अलग स्कूलों के प्रिंसिपल और शिक्षक इस फैसले को सही मान रहे हैं. उनका कहना है कि इस समय सबसे जरूरी छात्रों और उनके परिवारों की सुरक्षा है. GEMS वेलिंगटन अकादमी के वाइस प्रिंसिपल मैट जेम्स ने कहा कि भले ही छात्र स्कूल वापस आने के लिए उत्साहित थे, लेकिन सभी ने इस फैसले को समझदारी से स्वीकार किया है. उनके मुताबिक, स्कूल की पूरी कम्युनिटी ने सकारात्मक सोच दिखाई है और सभी को यह समझ है कि सुरक्षा सबसे पहले है.

यह भी पढ़ें – रटने की पढ़ाई से मिलेगा छुटकारा, 2026-27 से स्कूलों में नई किताबें और बदला हुआ सिलेबस शुरू

ऑनलाइन पढ़ाई के लिए पूरी तैयारी

अजमान के वुडलेम ब्रिटिश स्कूल की प्रिंसिपल नतालिया स्वेटेनोक ने कहा कि कई परिवार छुट्टियों के दौरान विदेश गए हुए हैं. ऐसे में कुछ लोग वहां रुकने का फैसला भी ले सकते हैं. उन्होंने बताया कि स्कूल ने पहले से ही ऐसी व्यवस्था कर ली है कि कहीं से भी छात्र ऑनलाइन क्लास में जुड़ सकें. इससे पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी. यानि अब पढ़ाई सिर्फ स्कूल की चार दीवारों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इंटरनेट के जरिए दुनिया के किसी भी कोने से जारी रखी जा सकती है.

यह भी पढ़ें –  IIT दिल्ली समर फेलोशिप का सुनहरा मौका, स्टाइपेंड के साथ फ्री रहने की सुविधा- जल्दी करें आवेदन!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *